Agra News : मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल का वृद्ध जन सम्मान समिति ने किया भव्य स्वागत
मनोहर समाचार, आगरा। मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल का वृद्ध जन सम्मान समिति (अंतरराष्ट्रीय) द्वारा भव्य स्वागत हिंद महासागर में स्थित मॉरिशस का 40 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भारत भ्रमण पर 30 नवम्बर को अयोध्या, लखनऊ होता हुआ ताज नगरी पहुंचा | इस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत वृद्ध जन सम्मान समिति (अंतर्राष्ट्रीय) रिस्पेक्ट एज इंटरनेशनल के सह संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक डॉक्टर गिरीश सी गुप्ता, उपाध्यक्ष कर्नल एम नायडू, निदेशक दीपक प्रहलाद अग्रवाल, सदस्य वीके दुबे, लता नायडू आदि ने अंग वस्त्र पहना कर फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में किया। अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के स्वागत सत्कार के पश्चात संवाद वार्ता में प्रतिनिधिमंडल के जयेलाल मटुरा, सादेद सुभास, किशना चाडी, श्रुति सीबालुक आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत से भाव विभोर हुए अतिथियों ने भारत राष्ट्र को अपने राष्ट्र की जननी की संज्ञा भी दी और बताया कि "कुछ पीढ़ियों पूर्व उनके पूर्वज भारत से ही मॉरिशस जाकर बस गए। इस कारण उनके हृदय में आज भी भारत और उसकी संस्कृति विद्यमान है। वह भारतीय मूल निवासियों से अत्यंत प्रभावित रहते हैं और समिति के द्वारा गत दो दशकों से अधिक संबंधों को और सुदृढ़ बनाने हेतु परस्पर प्रयासरत हैं।" उन्होंने समिति को शीघ्र ही भारतीय प्रतिनिधिमंडल को मॉरिशस यात्रा हेतु आमंत्रित किया।
मॉरीशस का यह दल कल प्रातः श्रीकृष्ण जन्म भूमि के दर्शन करता हुआ दिल्ली प्रस्थान कर जाएगा। अपनी संस्कृति पर गर्व अनुभव करते हुए सदस्यों ने सनातन और उसके मूल में स्थित आस्था पर भी संवाद किया। नायडू ने अपने विचार व्यक्त करते हुए मातृशक्ति का समाज संरचना में महत्व एवं अहम भूमिका की चर्चा करी। अधिकांश अतिथि राधे-राधे के संबोधन से अत्यंत भाव विभोर हो रहे थे तथा संवाद के बीच-बीच में राधे-राधे का उद्बोधन करते आनंदित हो रहे थे। मॉरीशस के शिक्षा पाठ्यक्रम में कक्षा 6 तक हिंदी विषय को छात्र अनिवार्य रूप से अध्ययन करते हैं, जिस कारण अधिकांश वासी हिंदी बोलने में अथवा समझने में सक्षम हैं। केंद्रीय हिंदी संस्थान में उच्च शिक्षा एवं अध्ययन हेतु प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपनी रुचि व्यक्त करी। शीघ्र पुनर्मिलन की आशा के साथ प्रतिनिधि मंडल ने समिति के सदस्यों से बधाई ली और पुनः आभार व्यक्त किया।

उत्तम
जवाब देंहटाएं