Agra News : शिक्षक दिवस पर प्रिल्यूड स्कूल में हुआ गुरु वंदन

गुरू बिन ज्ञान न उपजै, गुरू बिन मिलै न मोक्ष।

गुरू बिन लखै न सत्य को, गुरू बिन मिटै न दोष।

मनोहर समाचार, आगरा। बिना गुरु के ज्ञान का मिलना असंभव है। बिना गुरु के सत्य एवं असत्य का ज्ञान नहीं होता। देश तथा समाज के विकास में एक शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति का एक अहम और पावन हिस्सा है। इसी परंपरा को निभाते हुए शिक्षकों को सम्मानित करने  के उद्देश्य से प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल प्रांगण में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, निदेशिका सुनीता गुप्ता, शलभ गुप्ता, ईशा गुप्ता, प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव एवं सभी शिक्षकों के रेड कारपेट पर  स्वागत के साथ हुआ। निदेशक प्राचार्य तथा समस्त शैक्षणिक समन्वयिकावृंद ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के 137 वीं जयंती पर उनके  चित्र पर माल्यार्पण किया।

प्राचार्य के द्वारा समस्त शिक्षकों को कर्तव्य निर्वहन करने के लिए शपथ ग्रहण कराई गई। उन्होंने छात्रों के जीवन में शिक्षकों की भूमिका अतुलनीय और अनुपम बताते हुए सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

सत्र 23-24 में विद्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान से गीतिका सहगल, रुचि वर्मा, खुश्बू तुलसानी, शालिनी पंजवानी व आनंद अग्रवाल को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अंतर्सदनीय मूक अभिनय (पैंटोमाइम) प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें निर्णायक मंडल में रुचि सचदेवा (जनरल मैनेजर जीएलए यूनिवर्सिटी), श्रीमती रितु गुप्ता (केक हाउस की स्वामिनी) व सुषमा गुप्ता (आगरा गायनिक समिति की अध्यक्षा) उपस्थित रहीं।

पैंटोमाइम प्रतियोगिता में विजेता सदन क्रमश: रहे- प्रथम - फीनिक्स, द्वितीय- एंड्रोमेडा, तृतीय- पेगेसिस  व चतुर्थ- ओरायन।

आकर्षक परिधान के लिए  शिक्षक- रूपाली शर्मा और आनंद अग्रवाल को पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय के छात्र प्रमुख पलिन विक्रम सिंह तथा छात्रा प्रमुख आराध्या जैन ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त  किया। छात्रों के द्वारा शिक्षकों के लिए दिन को विशेष बनाने के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल वरादा व सृष्टि के द्वारा आयोजित किए गए तथा सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों की मधुर प्रस्तुतियाँ दी गईं। 

डॉ. सुशील गुप्ता ने अपने उद्बोधन में सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि "विद्यार्थियों को अपने जीवन में शिक्षकों तथा माता-पिता का सम्मान करना चाहिए। उनके द्वारा कही गई बातों को जीवन में अपनाने से निश्चित ही सफलता मिलती है।"

निदेशिका सुनीता गुप्ता के द्वारा मनोरंजक तंबोला खेल खिलाया गया। छात्रा प्रमुख आराध्या जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा क्रमशः आयुषी वर्मा,  कृषिका पाल, एंजेल गुप्ता और इशिता सिंह ने किया। अंत में स्वादिष्ट भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Manohar Samachar : गिरिराज धरण की शरण में ऐसा बरसा श्याम रस, सबको मिली आत्मिक तृप्ति

Agra: अग्रवाल महिला मंडल दयालबाग की कार्यकारिणी गठित

Agra : तीज महोत्सव में सजी रंगारंग मेहंदी नाइट, महिलाओं ने जमकर किया डांडिया