Agra News : नेशनल चैम्बर ने विमानपत्तन प्राधिकरण, सिविल टर्मिनल व इंडिगो एयरलाइन अधिकारीयों संग की बैठक

 -आगरा को मिलेगा नया सिविल एन्क्लेव अति शीघ्र ।

-लगभग सभी बाधाएं हो चुकी हैं दूर।

-कोलकाता के लिए हवाई सेवा चालू करने पर दिया जोर ताकि उत्तरी-पूर्वी क्षेत्र जुड़ सके।  

-आगरा एयरपोर्ट के गेट पर दिक्कतों को दूर करने का प्रयास। 

-आगरा को सभी बड़े शहरों, पर्यटक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों से हवाई सेवा से जोड़ा जाये ।

-आगरा के आसपास के शहरों की हवाई सेवाओं को बढ़ाया जाये आगरा तक।

-नहीं होगी किसी अतिरिक्त एयर क्राफ्ट की आवश्यकता।

-जनता में कनेक्टिंग फ्लाइट्स की जानकारी बढ़ाई जाये।

मनोहर समाचार, आगरा। चैम्बर भवन में विमानपत्तन प्राधिकरण के एयरपोर्ट निदेशक योगेंद्र सिंह तोमर, सिविल टर्मिनल आगरा एवं इंडिगो एयरलाइन के हवाई अड्डा प्रबन्धक देवराज पांडे के साथ एक बैठक चेम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विकास, हस्तशिल्प एवं एयरपोर्ट प्रकोष्ठ चेयरमैन प्रहलाद अग्रवाल द्वारा प्रतिवेदन के सभी बिंदुओं को विस्तारपूर्वक अधिकारियों के समक्ष प्रेषित किया। बैठक का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल द्वारा किया गया। चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने मांग रखी कि आगरा पर्यटन का केन्द्र है और यहां विभिन्न धार्मिक व पिकनिक के दर्शनीय स्थल हैं। अतः इन सभी को सम्मिलित करते हुए पैकेज तैयार किया जाये और हवाई सेवाएँ प्रारम्भ की जायें।

प्रहलाद अग्रवाल ने मांग रखी कि आगरा में हवाई सेवाएं बढ़ाई जाये इसके लिए कोई अतिरिक्त एयरक्राफ्ट की आवश्यकता नहीं है बल्कि जो फ्लाइट्स जयपुर, लखनऊ और वाराणसी तक संचालित हैं उनको आगरा तक बड़ा दिया जाये और आगरा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाये। जिससे यात्रा आरामदायक हो सके। यात्रियों को बस के लिए घंटों इन्तजार करना पड़ता है।  उनके बैठने की व्यवस्था की जाये। 7.5 करोड़ की लागत से तैयार वेटिंग लोंज को खोला नहीं गया है। पुरजोर मांग की कि कोलकाता के लिए एक हवाई सेवा अवश्य चालू की जाये ताकि उत्तरी-पूर्वी क्षेत्र जुड़ सके। 

चैम्बर उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग द्वारा आगरा में हवाई सेवा की कीमत कम करने मांग की और कहा कि "अन्य स्टेशनों की अपेक्षा यहाँ कीमत अधिक है। हवाई सेवा की कीमत काम करने से यातायात में स्वतः ही वृद्धि हो जाएगी, जिससे कमर्शियल वाइबिलिटी स्वत ही होने लगेगी।" चैम्बर उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने आगरा हवाई अड्डे को गोवा की तर्ज पर संचालित करने का सुझाव दिया और कहा कि "गोवा हवाई अड्डा भी वायु सेना अधिकृत है।"

हवाई अड्डा प्रबंधक आगरा (इंडिगो) देवराज पांडे ने बताया कि "नई हवाई सेवाओं को बढ़ाने के लिए कमर्शियल वाइबिलिटी की आवश्यकता  होती है। किसी नए सेक्टर के लिए हवाई सेवा चलाने हेतु नेशनल चैम्बर कमर्शियल  वाइबिलिटी  के साथ नागरिक उड्डयन मंत्रालय को सुझाव प्रेषित करें। इसमें इंडिगो एयर लाइन के द्वारा यथासंभव सहयोग किया जायेगा।" 

हवाई अड्डा निदेशक योगेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि "देश में लगभग 50 प्रतिशत हवाई अड्डे वायुसेना अधिकृत हैं किन्तु उनमें से अधिकांश हवाई अड्डों में यात्रियों का आवागमन पृथक है और स्वतंत्र है। आगरा में वर्तमान में यात्रियों का आवागमन सेना अधिकृत मार्ग से है और सुरक्षा दृष्टिकोण से जो आवश्यक है। उनका पालन वहां तैनात सेना के जवानों द्वारा जाता है। इन नियमों के साथ वे समझौता किसी भी कीमत पर नहीं करते। इससे यात्रियों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्त परेशानियां नवीन सिविल एनक्लेव बनने पर दूर हो जाएँगी। नवीन सिविल एनक्लेव संबंधित एक या दो अनापत्तियों को छोड़कर लगभग सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। वे अनापत्ति भी अंतिम स्तर पर हैं। अतः  निर्माण सम्बन्धी प्रक्रियाएं बहुत तीव्र गति से चल रही है। लगभग 2 वर्ष के अन्दर अवश्य ही आगरा को नवीन हवाई अड्डा मिल जायेगा। आगरा मैट्रो को भी आगरा एयरपोर्ट से जोड़ने का प्रस्ताव है। अतः आपको शीघ्र  ही एक नवीन परियोजना मिलने जा रही है। आपको आगरा एयरपोर्ट से संबंधित किसी भी समस्याएं व शिकायत के लिए आप एयर सेवा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। 2 या 3 घंटे में वह शिकायत उन्हें अर्थात  निदेशक महोदय को प्राप्त हो जाती है।" 

एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा सुझाव दिया गया कि "जनता में कनेक्टिंग फ्लाइट्स की जानकारी बढ़ाई जाये। इस हेतु जागरूकता कार्यक्रम किये जाएँ और मार्केटिंग की जाए। धन्यवाद ज्ञापन अनिल अग्रवाल द्वारा दिया गया।

बैठक में अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग, कोशाध्यक्ष नितेष अग्रवाल, पर्यटन विकास, हस्तषिल्प एवं एयरपोर्ट प्रकोष्ठ चेयरमैन प्रहलाद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, भुवेश कुमार अग्रवाल, सदस्यों में योगेश जिन्दल, संजय अरोड़ा, अमित जैन, श्रीकान्त अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, गोविन्द प्रसाद सिंघल, अनूप गोयल, सौरभ अग्रवाल, अभिषेक माथुर, शिशिर भगत, रमेश वाधवा, शैलेन्द्र बंसल, विशाल शर्मा , सतीश अग्रवाल, विजय कुमार गुप्ता, अनिल अग्रवाल, अनुज विकल, देवेन्द्र गोयल, केशव दत्त गुप्ता, अवनीश शिरोमणि, दिनेश कुमार जैन, संजय अरोड़ा, अजय गौरव, असमित, आदि मुख्य रुप से उपस्थित रहे।




टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Manohar Samachar : गिरिराज धरण की शरण में ऐसा बरसा श्याम रस, सबको मिली आत्मिक तृप्ति

Agra: अग्रवाल महिला मंडल दयालबाग की कार्यकारिणी गठित

Agra : तीज महोत्सव में सजी रंगारंग मेहंदी नाइट, महिलाओं ने जमकर किया डांडिया