Agra News : मेहंदी उत्सव के साथ तुलसी सालिगराम विवाह की तैयारियां शुरु
-देवोत्थान एकादशी पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में तुलसी जी को ब्याहनें पहुंचेंगे सालिगराम
-बैंड बाजों संग इस्कॉन मंदिर तक पहुंचेगी बारात
मनोहर समाचार, आगरा। मेहंदी उत्सव के साथ आज श्रीजगन्नाथ मंदिर में तुलसी सालिगराम विवाह की तैयारियां भी प्रारम्भ हो गई। श्रद्धालुओं ने मेहंदी उत्सव में मंगल गीत गाते हुए उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया। मंगलवार को देवोत्थान एकादशी पर सुबह 11 बजे कमला नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए सालिगराम जी बैंडबाजों से बारात लेकर रश्मि नगर स्थित श्रीजगन्नाथ जी मंदिर पहुंचेंगे। जहां विधि विधान से तुलसी-सालिगराम जी का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा।
मेहंदी उत्सव में सर्वप्रथम श्रद्धालुओं ने तुलसी जी व सुभद्रा के हाथों में मेहंदी रचाई। इसके उपरान्त बाराती बने गोपाल बंसल व रजनी के हाथों में शगुन की मेहंदी रचाई गई। सभी श्रद्धालुओं ने अपने हाथों में मेहंदी रचाई। मंगल गीत गाए और नृत्य भी किया। हरे कृष्णा, हरे राम... का संकीर्तन भी हुआ इस अवसर पर। विवाह स्थल श्रीजगन्नाथ मंदिर को फूलों व रोशनी से सजाया जा रहा है। वधु पक्ष के रूप में मंदिर के यति सिंघल व नवीन सिंघल व श्रद्धालुओं द्वारा मण्डप सजाने से लेकर बारातियों के स्वागत की हर व्यवस्था सम्भाली जा रही है।
मंगलवार को बारात बैंड बाजों संग श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। जहां रीति विराज की सभी रस्मों के साथ तुलसी सालिगराम जी का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने सभी श्रद्धालुओं को तुलसी-सालिगराम विवाह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अतिदि, उषा सिंघल, शिल्पी, समक्ष, लवन्या, दक्ष, रूबी, मधु, मीरा, प्रमिला आदि उपस्थित थीं।



Nice
जवाब देंहटाएं