Agra News : ताज लिटरेचर क्लब के कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में बही काव्य की धारा
-देश के सुप्रसिद्ध कवियों ने बांधा समां, श्रोताओं को झूमने पर किया मजबूर
मनोहर समाचार, आगरा। हिंदी साहित्य को संवारने और साहित्यकारों को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे ताज लिटरेचर क्लब नित नए सोपान गढ़ रहा है। ताज लिटरेचर क्लब कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में क्लब की संस्थापिका भावना वरदान शर्मा ने अपने स्वागत उद्बोधन द्वारा अतिथियों का अभिवादन किया।
उन्होंने कहा "संस्था आगरा में विगत 10 वर्षों से लगातार साहित्य कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है और देशभर के कवियों को आमंत्रित करती रही है। संस्था लेखकों के लिए एक सशक्त मंच है, जिसका उद्देश्य हिंदी साहित्य को बढ़ावा देना है।
ताज लिटरेचर क्लब के कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में प्रोफेसर ओमपाल सिंह निडर ने ओजस्वी कविता सुनाई जिसे सुनकर श्रोताओं में उत्साह का संचार हो गया। कार्यक्रम के संचालक और सूत्रधार कवि अंगद धारिया ने एक के बाद एक कविताएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने को मजबूर कर दिया। अन्य कवियों ने भी अपनी कलम की धार से प्रहार किये।
सुखप्रीत सिहं "सुखी
जुर्म का सर पैरों से दबाना पड़ता है
शौर्य दुश्मनों को दिखाना पड़ता है
हर सर होता नहीं पगड़ी के काबिल
पगड़ी के लिए सर कटाना पडता है
राकेश निर्मल
अब हमारी दस्तरस से दूर हो गए गाँव
शहर में तो लोग चलते नित नवेले दांव
इस तरह भटकन बढ़ी है ज़िन्दगी में आज
रखते कहीं हैं हम मगर पड़ते कहीं हैं पाँव
रेखा लड्ढा
मन से कहना मन की बातें, आंखों से ना बहना तुम
मेरे दुश्मन जो हमेशा हैं मुझे कुछ देखकर, मैं थोड़ा सा मुस्कुराकर उनको कातिल बना देती हूं
राम राहुल टूंडला हास्य कवि
फल वैसा ही मिलेगा, जैसा बीज डाला जाएगा,
बुजुर्गों को जैसे पालोगे तुम्हें भी पाला जाएगा।
मां बाप को वृद्ध आश्रम भेजने वालो,
एक दिन तुम्हें भी घर से निकाला जायेगा।
इन्हें किया सम्मानित
संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए वरिष्ठ पत्रकार ब्रज खंडेलवाल, फिल्म डायरेक्टर सूरज तिवारी, सिविल सोसायटी आगरा के संस्थापक अनिल शर्मा, शैलेंद्र कुमार शर्मा, बृजवानी रेडियो आरजे राखी त्यागी को साहित्य शिल्पी सम्मान से सम्मानित किया गया।
ताज लिटरेचर क्लब के कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम में बृजेश अग्रवाल, अलका शर्मा नटरांजलि, गौरव शर्मा आदि उपस्थित रहे।



बहुत सुन्दर
जवाब देंहटाएं