AGRA : आम की विविध किस्मों की मधुर खुशबू से महका प्रिल्यूड प्रांगण
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल अपने छात्रों के शैक्षणिक विकास का तो ध्यान रखता ही है, साथ-ही-साथ उनके अभिभावकों की प्रतिभा को निखारने के दायित्व का भी पूर्णतः निर्वहन करता है। इन दिनों बाज़ार में आकर्षक व रसीले आमों की भरमार है और कोई भी स्वयं को इनके स्वाद से दूर नहीं रह सकता। विद्यालय द्वारा नर्सरी से कक्षा दो तक के छात्रों की माताओं के लिए आज, शनिवार, 6 जुलाई, 2024 को मैंगो फेस्ट का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम विद्यालय की शिक्षिका अंतरिक्षा व छात्राओं आरिका पुरोहित एवं धानी अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी उपस्थित अतिथिगण, निर्णायकमंडल, विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य समन्वयक संजय शर्मा एवं अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। तत्पश्चात छात्रों ने अपनी विशेष प्रस्तुति देकर आमों की अलग–अलग किस्मों ,जैसे - दशहरी (हिमांशी वर्मा), केसरी (यदुवीर), अल्फांसो, (पर्णिका गौतम), तोतापरी (आध्या सरन), नीलम (याना छाबड़ा) आदि से सभी को रूबरू करवाया। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने प्रिल्यूडियंस ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शारदा गुप्ता व विद्यालय की निदेशिका सुनीता गुप्ता की उपस्थिति रही। शारदा गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि "हर बच्चा सूरज नहीं बन सकता लेकिन दीपक की तरह चमक सकता है। इसलिए हमें औरों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।"
निर्णायक मंडल के रूप में पाक कला विशेषज्ञ एक्ज़ीक्यूटिव शेफ़ नागेंद्र (होटल ताज व्यू), एक्ज़ीक्यूटिव शेफ़ उमेश कुमार (क्लार्क शिराज़) व एक्ज़ीक्यूटिव शेफ़ खेमराज घीमरे (कोर्टयार्ड मैरियट) उपस्थित रहे। उन्होंने सभी को पाक कला के विशेष टिप्स भी दिए। शेफ़ ने सभी के द्वारा बनाए गए व्यंजनों की तारीफ की और उनके द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना भी की।
इस दौरान आम से बने विभिन्न व्यंजनों व पेय पदार्थों की प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें विद्यार्थियों की माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने आम का प्रयोग करके विभिन्न व्यंजन मैंगो शेक, चॉकलेट, केक, कस्टर्ड, दहीपुरी, हलवा, रबड़ी, पार्टी प्लैटर, आम पापड़, बर्फी, पेड़ा, आम की मिठाई, फालूदा, चाट, जूस व खीर आदि बनाए।
विद्यालय में आरटीई के छात्रों को भी समान अवसर प्रदान किए जाते हैं, जिसके अंतर्गत कक्षा एलकेजी की शानवी गुप्ता की माँ नीलम गुप्ता ने भी उसी जोश व उत्साह से प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि "हम भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे। जीत से ज्यादा प्रतिभाग करना ही बहुत बड़ी बात है, जिससे बच्चों को प्रोत्साहन मिले।" इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के सामने मोबाइल का प्रयोग कम करने के लिए कहा ताकि वे अपना समय बच्चों को दे सकें।
अंत में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जो अग्रलिखित हैं।
प्रथम सुरभि अग्रवाल (समृद्धि अग्रवाल)
द्वितीय सीमा तिवारी (विनायक तिवारी)
तृतीय मनीषा (युग)
सांत्वना पुरस्कार अनुराधा अग्रवाल (धानी अग्रवाल व खुशविक अग्रवाल), रश्मि चौहान (रिहान चौहान), वंदना गुप्ता (अनिक गुप्ता) । इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में नवांकुर की समन्वयक गौरी पचौरी ने सभी अतिथिगण, निर्णायक मंडल और अभिभावकगण का अपना अमूल्य समय प्रदान करने हेतु आभार व्यक्त किया।








टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें