AGRA : महालक्ष्मी मंदिर से निकली जगन्नाथ रथयात्रा की आमंत्रण यात्रा
-श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव 7 जुलाई को, 6 जुलाई को नयन उत्सव में 15 दिन बाद भक्तों को दर्शन देंगे श्रीहरि
आगरा। भक्तों का इंतजार समाप्त होने वाला है। 6 जुलाई को कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आयोजित नयन उत्सव में श्रीहरि 15 दिन बाद भक्तों को दर्शन देंगे। वहीं 7 जुलाई को बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से 7 जुलाई को भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न शहरों के हजारों भक्तजन भाग लेंगे। रशिया के भक्त भी लेने पहुंचेंगे। रथयात्रा महोत्सव के उपलक्ष्य में आज भक्तों को आमंत्रित करेने के लिए इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में आमंत्रण यात्रा का आयोजन किया गया। ढोलक,मृदंग, मंजीरों संग श्रीहरि के भक्त हरे राम, हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्णा...कीर्तन करते हुए बल्केश्वर, कमला नगर क्षेत्र का भ्रमण किया और भक्तों को रथयात्रा के लिए निमंत्रण दिया।
श्रीजगन्नाथ भगवान की भक्ति में झूमते नाचते भक्तों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कुछ लोग भक्ति के इस उत्सव में शामिल हो गए तो कुछ दूर खड़े हरे राम, हरे कृष्णा... का कीर्तन करने लगे। आमंत्रणयात्रा में भक्तों के सिर पर रखे भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व भाई बलराम के विग्रह स्वरूपों के दर्शन को हर कोई उत्साहित और ललायित था।
अरविन्द प्रभु ने बताया कि "सभी भक्त भक्तिभाव के साथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। भक्तों के घर में छप्पन भोग के लिए पकवान बन रहे हैं तो कहीं श्रीहरि की पोशाक तैयार की जा रही है।"
5 जुलाई को श्रीजगन्नाथ महोत्सव में भक्तों को आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण यात्रा संजय प्लेस में भ्रमण करेगी। मृदंग मंजीरों संग श्रीहरि के भक्तजन संजय प्लेस स्थित आजाद पैट्रोल पम्प से आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। संजय प्लेस में भ्रमण करते हुए यस बैंक पर आमंत्रण यात्रा विश्राम लेगी। 6 जुलाई को नयन उत्सव में श्रीजगन्नाथ
भगवान भक्तों को 15 दिन बाद दर्शन देंगे। 7 जुलाई को बल्केश्वर स्थित श्रीमहालक्ष्मी मंदिर से भव्य रथयात्रा का आयोजन होगा।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें