Manohar Samachar : शिक्षा और सेवा का संगम : लायंस क्लब विशाल ने शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
-ताज कन्वेंशन सेंटर में शिक्षक दिवस समारोह, पूरन डावर हुए सम्मानित, शिक्षिकाओं की सेवा भावना को सराहा
मनोहर समाचार, आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित ताज कन्वेंशन सेंटर एंड होटल में लायंस क्लब विशाल द्वारा शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य समाज को नई दिशा देने वाली शिक्षिकाओं का सम्मान करना और गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के वरिष्ठ सदस्य पूरन डावर के सम्मान से हुआ। हाल ही में उन्हें फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद का अध्यक्ष चुना गया है। इस अवसर पर उनका विशेष स्वागत करते हुए क्लब सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। पूरन डावर ने अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब समाजसेवा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है और यही प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।
इसके बाद क्लब अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि क्लब की महिला सदस्य कविता अग्रवाल, आशा गोयल, कामना धवन और अर्चना गुप्ता शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। पारंपरिक ढर्रे से हटकर बच्चों और युवाओं को नई सोच देने का उनका प्रयास सराहनीय है। उनकी सेवा और समर्पण को देखते हुए शिक्षक दिवस पर उन्हें सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान क्लब सदस्यों ने अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादों को साझा किया और गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। वातावरण भावनाओं और यादों से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर क्लब कोषाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, अजय बंसल, सुनील अग्रवाल, चंदर माहेश्वरी, अनूप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।


Nice
जवाब देंहटाएं