NEW DELHI : चैम्बर पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल संग आईटी संचार एवं रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से कि मुलाकात, रखी आगरा के विकास कि बात
मनोहर समाचार संवाददाता। आगरा के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर डॉ. एसपी सिंह बघेल ने भारत सरकार के आईटी संचार एवं रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से आगरा के नेशनल चैम्बर ऑफ़ इण्डस्ट्रीज एण्ड कॉमर्स के पदाधिकारियों को साथ लेकर मुलाकात की। जहाँ आगरा में औद्योगिक विकास हेतु तमाम बिंदुओं पर चर्चा कि गई। चैम्बर द्वारा उठाये गए महत्वपूर्ण विषयों में आगरा के विकास कि परिकल्पना पर फोकस रहा। उन बिंदुओं पर डालते हैं एक नजर।
-आगरा में आईटी सिटी की मांग बहुत पुरानी है और आईटी उद्योग आगरा के लिए एक बहुत ही उपयुक्त है। आगरा में सड़क, रेल एवं हवाई मार्ग की कनेक्टिविटी बहुत ही बेहतर है। एनसीआर एवं आईटी सिटी नोएडा के नजदीक है। आगरा में पूर्व से ही एक हवाई अड्डा है और जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा 1:30 मिनट की दूरी पर है। आगरा में जमीन भी सस्ती दर पर उपलब्ध है और यहाँ शिक्षा का हब होने के कारण कुशल युवा बड़ी संख्या में सस्ती दर पर उपलब्ध हैं। आगरा में ताज संरक्षित क्षेत्र होने के कारण विभिन्न प्रकार की बंदिशें लगी हुई हैं। आईटी उद्योग श्वेत श्रेणी में आने के कारण आगरा में आसानी से स्थापित किए जा सकते हैं। निवेदन किया गया कि आगरा को आईटी सिटी बनाया जाए, जिससे बड़ी कम्पनियाँ आगरा के लिए आकर्षित हो सकें और बड़े ग्रुप टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो, एचसीएल को आगरा में लाने के लिए आकर्षित किया जाए। आगरा में आईटी सिटी स्थापित होने से आगरा से प्रतिभा पलायन रुकेगा। रोजगार के अभाव में 15 से 20 हजार युवा प्रतिवर्ष अन्य शहरों के लिए पलायन कर जाते हैं और आगरा धीरे-धीरे वृद्धों का शहर बनता जा रहा है।
-आगरा पर्यटन का एक बहुत बड़ा केन्द्र है और यहाँ पर्यटन उद्योग की सभी असीमित संभावनाएँ हैं। आगरा के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पर्यटकों का रात्रि प्रवास एक बहुत बड़ा कारक है। लाखों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक जो आगरा में ताजमहल एवं अन्य विश्वदाय इमारतों को देखने तो अवश्य आते हैं, किन्तु आगरा में रात्रि प्रवास नहीं करते हैं। सुझाव है कि दिल्ली, जयपुर व ग्वालियर के लिए शताब्दी गाड़ियाँ आगरा से प्रातः संचालित की जाएँ और शाम को वापस आगरा की ओर आएँ।
आमान परिवर्तन से पूर्व आगरा से काठगोदाम के लिए चलने वाली गाड़ी आमान परिवर्तन होने के दो दशक बाद भी पुनः संचालित नहीं की है। यह गाड़ी आगरा की अत्यन्त महत्वपूर्ण एवं मुख्य गाड़ी थी। आगरा में इसकी बहुत बड़ी मांग है। अतः इसे पुनः संचालित करने की अनुकम्पा करें।
-आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं युक्त बनाया जाना वर्षों पूर्व प्रस्तावित किया गया था, किन्तु अभी तक यह प्रस्ताव मूर्त रूप नहीं ले सका। अतः निवेदन है कि आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधा युक्त शीघ्र बनाया जाए।
-आगरा में एक ही मालगोदाम यमुना ब्रज रेलवे स्टेशन पर स्थित है, जो अब आबादी क्षेत्र में आ गया है और यहाँ रेल उपयोगकर्ताओं को रेलवे हैंडलिंग में बड़ी कठिनाईयाँ होती हैं। इन कठिनाईयों को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा इस माल गोदाम के विस्तारीकरण में कुबेरपुर पर रेलवे साइडिंग तैयार की है, किन्तु सुविधाएँ न होने से यहाँ गतिविधियाँ पूरी तरह नहीं हो पा रही हैं। अतः निवेदन है कि कुबेरपुर रेलवेे स्टेशन पर रेलवे साइडिंग को पूरी तरह सुचारु करने के लिए आवश्यक सुविधाएँ प्रदान की जाएँ। सड़क कनैक्टिविटी के दृष्टिकोण से यह स्टेशन बेहतर है। अतः आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होने पर आगरा के लिए यह माल गोदाम अत्यन्त उपयोगी सिद्ध होगा। वहीं चैम्बर के कार्यक्रम में उनको आगरा आने का निमंत्रण भी दिया।
इस मुलाकात के दौरान मुख्यरूप से अध्यक्ष अतुल गुप्ता, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद अग्रवाल, योगेश जिंदल, उमेश शर्मा, केसी जैन, मनोज गुप्ता एवं डॉ. पार्थ बघेल साथ रहे।




Very good
जवाब देंहटाएं