AGRA : प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में हुआ वार्षिक पत्रिका अक्षरा का विमोचन
-रचनात्मक अभिव्यक्ति को मिली सशक्त पहचान
मनोहर समाचार, आगरा। छात्रों के सृजनात्मक कौशल को बढ़ावा देने के लिए उनकी कल्पना शक्ति तथा लेखन कौशल के विकास को लक्ष्यीकृत करते हुए प्रत्येक वर्ष प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की वार्षिक पत्रिका अक्षरा का संपादन किया जाता है, जो विद्यालय की समस्त गतिविधियों का दर्पण होती है एवं वर्ष भर की प्रतियोगिताओं व विजेताओं का वर्णन इसमें प्रकाशित किया जाता है।
विद्यालय परिसर में सत्र 2023-24 की अक्षरा का विमोचन मुख्य अतिथि ड्यूथीमनी चंद्रन (संस्थापक प्राचार्या ), विशिष्ट अतिथि विक्की रावत (आर्किटेक्ट ), अमिता त्रेहन इंटीरियर डेकोरेटर), विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, निदेशिका सुनीता गुप्ता, प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव व श्याम बंसल के द्वारा किया गया।
संपादक मंडल में डॉ. सुशील गुप्ता (संरक्षक) अरविंद श्रीवास्तव (मुख्य संपादक), संजय शर्मा (मुख्य संपादक), रूपाली शर्मा (संपादिका), खुशबू तुलसानी (सह-संपादिका अंग्रेजी), बबिता रानी (सह-संपादिका हिंदी), रंजना गुप्ता (सह-संपादिका संस्कृत), सबीने बेजल (सह-संपादिका जर्मन), डॉ.सुनीता शर्मा (सह-संपादिका रचनात्मक कला), अतुल सक्सेना (कंपोज़र), विमल कुमार (ग्राफिक्स डिजाइनर) के संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप अक्षरा अपने भव्य रूप में पाठकों के समक्ष प्रस्तुत की गई।
प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने छात्रों को रचनात्मक अभिव्यक्ति हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि "पत्रिका के माध्यम से छात्रों की लेखन प्रतिभा सबके सामने आती है और वे प्रोत्साहित होते हैं।"
संपादिका रूपाली शर्मा ने बताया कि "विद्यालय प्रारंभ से ही छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए कृत संकल्प है और पत्रिका के माध्यम से छात्रों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को सशक्त पहचान मिलती है।"
मुख्य अतिथि ड्यूथीमनी चंद्रन ने अपने उद्बोधन में छात्रों की लेखन शक्ति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि "अपने भावों की अभिव्यक्ति करना भी एक कला है जो सभी को सीखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के यह नन्हे मुन्ने बच्चे ही भविष्य के प्रसिद्ध लेखक, कवि व रचनाकार सिद्ध होंगे।"
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने अपार हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि "छात्रों तथा शिक्षकगण द्वारा सम-सामयिक विभिन्न विषयों पर रोचक लेख, कविताएँ, अनुभव एवं रचनात्मक-कलात्मक चित्र इस पत्रिका में 292 पृष्ठों पर प्रकाशित किए गए हैं।"
अक्षरा के विमोचन के साथ ही ई-मंजरी, (इलेक्ट्रॉनिक मंजरी) का शुभारंभ भी किया गया। विद्यालय की मासिक पत्रिका मंजरी की संपादिका डिंपी महेंद्रू ने बताया कि "शैक्षणिक उपलब्धियों, विभिन्न गतिविधियों और आगामी घटनाओं के मुख्य अंशों प्रकाशन मंजरी में किया जाता है, जो हर चार महीने बाद प्रकाशित होती है परंतु इस बार ई-मंजरी की शुरुआत की जा रही है, जिसकी छात्रा संपादिका आनंदिता सिंह तथा गीत अग्रवाल हैं।"
कार्यक्रम का संचालन छात्रा गीत अग्रवाल तथा इशिता सिंह ने किया। अंत में प्रमुख समन्वयक संजय शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



Nice
जवाब देंहटाएं