AGRA : क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल में बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया विदाई समारोह
आगरा। क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल आगरा में कक्षा बारह के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से कक्षा ग्यारह के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मुख्य अकादमिक प्रबंधक सुश्री स्वाति तोमर, प्रधानाचार्या डॉ. तनुजा झा, उप-प्रधानाचार्य रितु टंडन और क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत सिंह उपस्थित थे।
स्वाति ने छात्रों ने को संबोधित करते हुए कहा कि "आज आपका विद्यालय का अंतिम दिन है किंतु हमारे और आपके साथ का अंतिम दिन कभी नहीं होगा। हम हमेशा जुड़े रहेंगे और भविष्य में आपको सफल होते हुए देखेंगे। आपका भविष्य हमारी सफलता का आईना है।"
डॉ. तनुजा कहा कि "विदाई समारोह सम्मिलित भावनाओं का संगम होता है। आपके साथ बीते दिनों की मासूम और नटखट यादें होती हैं, परीक्षाओं का डर होता है, स्कूल से हमेशा के लिए दूर होने का दुख होता है और वहीं भविष्य के सुनहरे सपने भी होते हैं। यह सारी भावनाएं मिलकर मन को भावुक कर देती हैं। लेकिन यह समय जीवन का शायद सबसे महत्वपूर्ण समय है जो भविष्य में आपके जीवन की दिशा निर्धारित करता है। इस समय का सदुपयोग कीजिए। हमारी शुभकामनाएँ और मार्गदर्शन सदैव आपके साथ है।"
टंडन ने अपने वक्तव्य में कहा कि "आज आपका विद्यालय में अंतिम दिन है। समस्त विद्यालय परिवार के लिए भावुक समय है। लेकिन अब आपको परीक्षाओं को लेकर अपने डर को जोश में बदलना होगा। पूरे जोश के साथ पढ़िए। डरिए नहीं पढ़ाई को अपनी खुशी और मस्ती की वजह बना लीजिए। सफलता सदैव आपके कदम चूमेगी। श्री सर्वजीत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जाओ कुछ ऐसा करो कि सफलता खुद आपके पास आए। समस्त विद्यालय परिवार की शुभकामनाएं, विश्वास और आशीर्वाद सदैव आपके साथ है।"
इस अवसर पर कक्षा 11 के छात्रों द्वारा कुछ भावुक और कुछ मस्ती भरी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। मौज मस्ती के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया। छात्र अपने वरिष्ठ छात्रों के साथ मिले विद्यालय के इन अंतिम पलों को पूरी तरह से जी लेना चाहते थे। वे कभी भावुक हुए तो कभी पूरी मस्ती में दिखाई दिए। कक्षा बारह के छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। शिक्षकों के लिए भी यह एक भावुक समय था। अतः उन्होंने भी छात्रों के साथ अपने अनुभव और विचारों को साझा किया।
इसी के साथ साथ सत्र 2022-23 की वार्षिक परीक्षाओं में अपनी कक्षा में सर्वोच्च अंक लाने वाले विद्यार्थियों के लिए एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सुश्री स्वाति ने छात्रों ने को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जब कड़ी मेहनत के बाद सफलता पाते हैं और एक उपलब्धि हासिल करते हैं तो हमारा कर्तव्य हो जाता है कि हम भी उनकी प्रतिभा का सम्मान करें और इसी सम्मान के लिए इस समारोह का आयोजन किया गया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डा० तनुजा झा ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार के आयोजन से हम छात्रों में उनकी मेहनत और लगन के प्रति विश्वास को और मजबूत बनाते हैं साथ ही कामना करते हैं कि उनकी सफलता का यह सिलसिला यूँ ही चलता रहे। हमारा आशीर्वाद और विश्वास सदैव हमारे छात्रों के साथ है।
अपनी इस उपलब्धि के लिए कक्षा एक से नव्या सिंह सोलंकी, कक्षा दो से दक्षित यादव, कक्षा तीन से आइश खान , कक्षा चार से गुरशीन कौर, कक्षा पाँच से मो० आदिल खान, कक्षा छह से श्रेष्ठ यादव, कक्षा सात से अदिति राजावत, कक्षा आठ से शौर्य त्यागी, कक्षा नौ से फाहम हुसैन, और कक्षा दस से श्रृद्धा शांडिल्य, को सम्मानित किया गया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें