Agra News : संजय प्लेस और जीवनी मंडी की समस्याओं को लेकर चैम्बर प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त से की मुलाकात
-संजय प्लेस के व्यापारियों से अतिशीघ्र मुकदमे होंगे वापस
-संजय प्लेस की पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण से कराया जायेगा मुक्त
-संजय प्लेस की स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होगी समुचित
-अवैध रूप से चलाई जा रही क्रेन को कराया जायेगा तत्काल बन्द
-अतिक्रमण दोबाराह स्थापित होने पर पुलिस चौकी की होगी जिम्मेदारी
-अति शीघ्र होगा न्यू मार्केट, जीवनी मंडी का सौन्दर्यीकरण
मनोहर समाचार, आगरा। चैम्बर का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में नगर आयुक्त, नगर निगम, अंकित खंडेलवाल से उनके कार्यालय में मिला। अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने नगर आयुक्त के समक्ष संजय प्लेस एवं न्यू मार्केट, जीवनी मंडी की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। संजय प्लेस के व्यापारियों पर नगर निगम द्वारा चल रहे मुकदमों के संदर्भ में वार्ता की, जिस पर नगर आयुक्त द्वारा सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि लीगल ओपिनियन लेकर अति शीघ्र मुकदमों का निस्तारण किया जायेगा।
वार्ता में सम्पूर्ण संजय प्लेस के एवं सभी ब्लॉकों की पार्किंग के अतिक्रमण हटाने पर और सभी स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था कराने पर नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि शीघ्र ही एडीए विभाग और पुलिस प्रशासन के साथ वार्ता कर अतिशीघ्र अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जायेगा। नगर निगम द्वारा सभी स्ट्रीट लाइट को अति शीघ्र सुचारू किया जायेगा। अवैध रुप से चल रही क्रेन जो संजय प्लेस से वाहनों को उठाकर ले जाती है और अवैध वसूली करती है, के सम्बन्ध में नगर आयुक्त ने बताया गया कि तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए आज से ही अवैध क्रेन को बन्द कर दिया जायेगा।
अध्यक्ष द्वारा न्यू मार्केट, जीवनी मण्डी की बदहाल रोड, नाली, खरंजे और षौचालय का पुनर्निर्माण कराने की मांग पर नगर आयुक्त द्वारा सकारात्मक रुख दिखाते हुए बताया गया कि अतिशीघ्र न्यू मार्केट जीवनी मंडी की सड़क, नाली, खरंजों और शौचालय के निर्माण के लिए नगर निगम द्वारा एक टेंडर निकाला जायेगा। नगर निगम द्वारा अतिशीघ्र न्यू मार्केट, जीवनी मंडी की समस्याओं का निस्तारण किया जायेगा।
प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता, सदस्य विनय मित्तल, संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल अग्निहोत्री, सचिव हीरेन अग्रवाल, संजय प्लेस से आरएस सेंगर, अशोक जैन, चतुर्भुज तिवारी आदि मुख्य रुप से उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें