AGRA : गौरवमयी 75 वर्ष पूरे होने पर चैम्बर बनाएगा एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म
-चैम्बर अब तक किये गए प्रयासों एवं उपलब्धियों का होगा प्रदर्शन
-राष्ट्रपति पदक विजेता मुम्बई के प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं लेखक हेमन्त वर्मा करेंगे डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन
-गीतकार होंगे संजय दुबे
-पंडित दिलीप ताहिर करेंगे संगीत निर्देशन
-चैम्बर के कार्यकारिणी सदस्य प्रसिद्ध फिल्म निर्माता रणजीत सामा होंगे फिल्म प्रोडूसर।
आगरा। नेशनल चैम्बर भवन जीवनी मंडी में चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि "यह हमारे लिए बड़े ही गर्व की बात है कि नेशनल चैम्बर ऑफ इण्डस्ट्रीज एण्ड काॅमर्स, 1949 में स्थापित होकर इस वर्ष अपने स्वर्णीम इतिहास के 75 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस उपलक्ष्य में चैम्बर द्वारा एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई जा रही है। इस फिल्म में चैम्बर द्वारा अब तक किये गए प्रयासों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जायेगा। पूर्व अध्यक्षों के नाम व कार्यकाल सहित उनके द्वारा किये गए प्रयासों एवं उपलब्धियां भी बताई जायेंगी। जिन्होंने चैम्बर के प्लेटफार्म से आगरा के उद्योग व व्यापार के प्रति समर्पित होकर अपना बहुमूल्य समय दिया व प्रयास किये।"
इस सम्बन्ध में मुंबई से पधारे हेमन्त वर्मा, जो एक प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, लेखक एवं राष्ट्रपति पदक विजेता हैं, उनके साथ डॉक्यूमेंट्री फिल्म पर विस्तृत चर्चा हुई। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म की शुरुआत एक गीत के माध्यम से होगी जिसमें चैम्बर के उद्देश्य व कार्य बीज रूप में प्रदर्शित होंगे। इस फिल्म में गीतकार संजय दुबे होंगे तथा संगीतकार निर्देशक पं. दिलीप ताहिल होंगे।
फिल्म के प्रोड्यूसर चैम्बर के कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता रणजीत कुमार सामा होंगे। यह फिल्म सितम्बर, अक्टूबर 2024 तक प्रदर्शित हो जायेगी।
इस फिल्म से उद्योग व व्यापार एवं आगरा के विकास में अच्छे परिणाम आने की सम्भावना होगी।
आज की बैठक में अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग, पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा, शलभ शर्मा, सदस्य रणजीत कुमार सामा, विजय बंसल, फिल्म निर्देशक एवं लेखक हेमन्त वर्मा, गीतकार संजय दुबे आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Good news
जवाब देंहटाएं