AGRA : सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
-पीपीडीसी में बीआईएस मानकों के तहत बनेगी लैब।
-फाउंड्री नगर में जलापूर्ति हेतु पाइप लाइन बिछाने के लिए पहले से ही की जाये व्यवस्था।
-बाद में न खोदी जाये सड़क।
-फाउण्ड्री नगर में पार्क का होगा सौन्दर्यीकरण।
-सीएफसी भवन में चैम्बर के नये भवन हेतु भूमि आवंटन पर सकारात्मक रुख।
आगरा। यूपीसीडा कानपुर के मुख्य कार्यकारी पालक मयूर माहेश्वरी के आगरा आगमन पर पीपीडीसी आगरा में एक बैठक आयोजित की गई। चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने मयूर माहेश्वरी जी का आगरा आगमन पर नेशनल चैम्बर की ओर से स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। इस बैठक में नगर आयुक्त आगरा एवं नगर निगम के अधिशासी अभियंता, यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबन्धक, अधिशासी अभियन्ता, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियन्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।
यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने फाउण्ड्री नगर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और हो रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण के कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़ाई से सचेत किया कि सड़क की गुणवत्ता से उनका कोई समझौता नहीं होगा। जल निकास हेतु नाले/नालियां बनाने के लिए नगर आयुक्त महोदय को आदेश दिये और यह भी कहा कि जल संस्थान से पानी की आपूर्ति हेतु पाइप लाइन बिछाने की व्यवस्था पूर्व से ही कर ली जाये। जिससे सड़क निर्माण के बाद न खोदनी पड़े। फाउण्ड्री नगर मं पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु भी यूपीएसआईडीसी के अधिकारियों को निर्देशित किया और कहा कि उद्यमी एवं निगम मिलकर इसका सौन्दर्यीकरण करें।
पादुका एवं डीज़ल /जनरेटर उद्योग के लिए बीआईएस मानकों के तहत लैब की स्थापना करने के लिए चैम्बर की मांग पर पीपीडीसी के अधिकारियों को लैब की स्थापना हेतु निर्देशित किया। पीपीडीसी के सहायक निदेशक ने लैब की स्थापना पर सहमति जताते हुए कहा कि इस सम्बन्ध में उद्यमियों से पत्र प्राप्त कर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने मयूर माहेश्वरी जी के समक्ष मांग रखी कि चैम्बर के लिए नये भवन हेतु एक बड़े भूखंड की आवश्यकता है। इस हेतु सीएफसी भवन जिसमें वर्तमान से कोई गतिविधि नहीं हो रही है। भवन जर्जर व गिरासु अवस्था में है, भूमि अन उपयुक्त पड़ी है, में से 1000 वर्गमीटर भूमि चैम्बर को आवंटित की जाये ताकि चैम्बर नये भवन में कार्यालय, बड़ी क्षमता का सभागार, प्रषिक्षण केन्द्र, औद्योगिक विकास हेतु लैब आदि की स्थापना कर सके। यह सीएफसी भवन भी इसी उद्देश्य के लिए बनाया गया था। उद्यमियों द्वारा इसका मूल्य चुकता कर दिया गया है। इस पर मुख्य कार्यकारी पालक बहुत ही सकारात्मक थे।
सम्पूर्ण बैठक बहुत ही सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई। मुख्य कार्यकारी पालक का रुख औद्योगिक विकास की ओर था। उनके द्वारा उद्योग हित में जारी निर्देशों से उद्यमी बहुत ही उत्साहित थे।
चैम्बर की ओर से अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अमर कुमार मित्तल, अशोक कुमार गोयल, सदस्य सुनील सिंघल, राकेश सिंघल, संजय कुमार गोयल, अमित मित्तल, अंशुल अग्रवाल आदि उपस्थित थे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें