Agra News : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को आ रहे आगरा
-निष्ठावान कांग्रेसी व आदर्श राजनेता पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन के द्वितीय पुण्य स्मरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि करेंगे सहभागिता
-राजस्थान सरकार के पूर्व गृह एवं वित्त मंत्री प्रद्युम्न सिंह करेंगे समारोह की अध्यक्षता
-निहाल सिंह फाउंडेशन कर रहा बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में आयोजन, कृतज्ञ शहरवासी अर्पित करेंगे भावपूर्ण श्रद्धा सुमन
-सामाजिक-राष्ट्रीय सरोकारों के तहत विभिन्न प्रतिभाओं का होगा सम्मान, मेधावी बेटियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
मनोहर समाचार, आगरा। निहाल सिंह फाउंडेशन के बैनर तले कट्टर गाँधीवादी, निष्ठावान कांग्रेसी, आदर्श राजनेता, बेदाग समाजसेवी पूर्व सांसद श्री निहाल सिंह जैन की द्वितीय पुण्यतिथि पर 'निहाल' पुण्य स्मरण कार्यक्रम 22 जून, रविवार को माल रोड स्थित बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज के वातानाकूलित सभागार में शाम 3:30 से आयोजित किया जाएगा। कृतज्ञ शहरवासी आगरा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दो बार के सांसद निहाल सिंह जी को भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
फाउंडेशन के अध्यक्ष राजाखेड़ा-धौलपुर के विधायक रोहित बौहरा और सचिव मनोज जैन बौहरा की संयुक्त सूचनानुसार राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत समारोह के मुख्य अतिथि रहेंगे। राजस्थान सरकार के पूर्व गृह एवं वित्त मंत्री प्रद्युम्न सिंह समारोह की अध्यक्षता करेंगे। राष्ट्रीय स्तर के दोनों वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सांसद निहाल सिंह जी से जुड़े संस्मरण साझा करने के साथ कांग्रेस पार्टी, आगरा और देश के लिए निहाल सिंह जी व उनके परिवार के योगदान को रेखांकित करेंगे।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश चिमटी और उपाध्यक्ष मोहित बौहरा ने बताया कि "वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कुसुम चतुर्वेदी और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी सदस्य महेश पाठक (मथुरा) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर सामाजिक व राष्ट्रीय सरोकारों के तहत मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के साथ कला उद्यमियों व खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जायेगा।"
शुक्रवार को सचिव मनोज जैन बौहरा के आवास पर बैठक कर पुण्य स्मरण कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान संरक्षक शशि शिरोमणि, कोषाध्यक्ष रोहित जैन बौहरा, ऋषभ बौहरा और वासु जैसवाल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


नहीं
जवाब देंहटाएं