Agra News : मृदंग मंजीरों संग कीर्तन करते दिया रथयात्रा महोत्सव का निमंत्रण
-श्रीजगन्नाथ रथयात्रा 27 जून को, मृदंग व मंजीरों पर कीर्तन संग पुराने बाजार में निकाली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा की आमंत्रण यात्रा
-जगह-जगह हुआ आमंत्रण यात्रा का स्वागत, 26 जून को नयन उत्सव व छप्पन भोग का आयोजन
मनोहर समाचार, आगरा। मृदंग और मंजीरों के कीर्तन पर झूमते भक्तजन। सिर पर विराजमान श्रीजगन्नाथजी, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के विग्रह स्वरूप। श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए श्रीहरि के बुलावे को इस्कॉन मंदिर के भक्तों ने शहर भर के श्रद्धालुओं के पास श्रद्धा-भाव से पहुंचाया। मृदंग और मंजीरे हरे राम हरे रामा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे... का कीर्तन करते हुए शहर के पुराने बाजार में आमंत्रण यात्रा निकाली गई। नूरी दरवाजा से प्रारम्भ हुई आमंत्रण यात्रा का जगह-जगह माला पहनाकर व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ स्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने भगवा झंडा दिखाकर किया। आमंत्रण यात्रा ने सिंधी बाजार, फब्बारा, किनारी बाजार, रावत पाड़ा, दरेसी, कचहरी घाट होते हुए बेलनगंज तिराहे पर विश्राम लिया।
26 जून को नयन उत्सव, 27 जून को निकलेगी रथयात्रा
26 जून को कमला नगर (रश्मि नगर) स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर (Iscon) में नयन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जहां 15 दिन के बाद भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग भक्तों को दर्शन देंगे। इस मौके पर छप्पन भोग व फूल बंगला का भी आयोजन होगा। 27 जून को भव्य रथयात्रा निकलेगी। 25 जून को शाम 5 बजे संजय प्लेस क्षेत्र में आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ आजाद पैट्रोल पंप संजय प्लेस से होगा।



जय हो
जवाब देंहटाएं