Agra News : यमुना सफाई अभियान में हजारों हाथों ने उठाया स्वच्छता का बीड़ा
मनोहर समाचार, आगरा। यमुना नदी, जो कभी आगरा की जीवनरेखा थी, आज प्रदूषण की मार झेल रही है। काले-भूरे रंग का पानी, सतह पर तैरता कचरा और किनारों पर जमा गंदगी यमुना की पीड़ा को बयां करते हैं। ताजमहल के ठीक पीछे बहने वाली यह नदी आगरा की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है। यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि आगरा की आत्मा है, जो ताज की सुंदरता को पूर्णता देती है। यह नदी स्थानीय लोगों के लिए आस्था का केंद्र है और पर्यटकों के लिए ताजमहल के साथ एक अनूठा दृश्य प्रस्तुत करती है। लेकिन प्रदूषण ने इसकी सुंदरता और पवित्रता को धूमिल कर दिया है। यमुना को स्वच्छ करना न केवल आगरा की ज़िम्मेदारी है, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है।
ऐतिहासिक सफाई अभियान
सुबह, यमुना की तलहटी पर एक भव्य और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। आगरा नगर निगम और रिवर कनेक्ट कैंपेन (यमुना आरती सभा) के संयुक्त तत्वावधान में यमुना आरती स्थल पर एक वृहद सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में सैकड़ों शहरवासियों, सफाई कर्मियों, विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवकों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह की पहली किरणों के साथ, रंग-बिरंगे झंडों, बैनरों और उत्साह से भरे नारों के बीच यह अभियान शुरू हुआ। बच्चे अपने छोटे-छोटे हाथों में झाड़ू और कचरा थैले लिए किनारे की सफाई में जुटे थे, जबकि बड़ों ने नदी के किनारों से कचरे को हटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
नेतृत्व और सहयोग
इस अभियान का नेतृत्व आगरा नगर निगम कमिश्नर अंकित खंडेलवाल एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और सहायक नगरायुक्त अशोक गौतम ने किया। साथ में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता रिवर कनेक्ट कैंपेन के मार्गदर्शक ब्रज खंडेलवाल, पद्मिनी, मुकुल पांड्या, डॉ. शम्मी कालरा, पवन गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता, रंजन शर्मा, राकेश गुप्ता, सुनंदा भट्टाचार्य, चतुर्भुज तिवारी, मुकेश तिवारी, मुकेश भारद्वाज, नितिन जोहरी, पूजा भौमिक, जगन प्रसाद तहरिया, भोले वर्मा और उनकी बेटी, प्रमोद कुमार नज़कानी, दिलीप जैन, नंदन श्रोत्रिय, गिरज बंसल, हिमांशु धाकरे, अश्वनी शाल्या, अमित के. लवानिया, वल्लभ श्रोत्रिय, राजकुमार माहेश्वरी, अभित्व गुप्ता, अमित लावणीय, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, पार्षद अनुज शर्मा, पार्षद भरत शर्मा, भावना अग्रवाल, समेत सैकड़ों स्वयंसेवकों ने इस अभियान को सफल बनाया। इंडिया राइजिंग, संस्कृति फाउंडेशन, एक पहल संस्था के सहित कई गैर-सरकारी संगठनों और स्कूलों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी इस पुण्य कार्य में योगदान दिया।
उपलब्धियाँ और उत्साह
इस अभियान में लगभग 25 ट्रैक्टर कचरा एकत्रित किया गया, जो यमुना किनारे से हटाया गया। स्कूली बच्चों का जोश और जुनून देखते ही बनता था। उनके चेहरों पर मुस्कान और हाथों में सफाई का जज़्बा यमुना को स्वच्छ बनाने की उम्मीद जगा रहा था। यह दृश्य न केवल प्रेरणादायक था, बल्कि यह संदेश दे रहा था कि सामूहिक प्रयास से यमुना का पुराना वैभव लौटाया जा सकता है।
नवाचार और सुझाव
अभियान के दौरान, रिवर कनेक्ट कैंपेन के मार्गदर्शक ब्रज खंडेलवाल ने नगरायुक्त को यमुना किनारे नवनिर्मित कुंड दिखाया, जहां गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान की तस्वीरें साझा की गई थीं। इस कुंड से साफ पानी निकल रहा है। सुझाव दिया गया कि ऐसे कुंडों का निर्माण यमुना किनारे कई स्थानों पर किया जाए। इससे न केवल पानी की उपलब्धता बनी रहेगी, बल्कि मछली पालन जैसे कार्य भी संभव हो सकेंगे। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने फाइटो-रेमेडिएशन के विषय पर चर्चा की और बताया कि "जब तक गंदे पानी के स्रोत को कम नहीं किया जाता, तब तक यह उपाय सीमित प्रभावी रहेगा।" नालों से होने वाले प्रदूषण पर चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि "नालों पर ऑटोमैटिक मैकेनिकल बैरियर लगाए जा रहे हैं। साथ ही, नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण का निर्णय भी लिया जा रहा है।"
आगे की राह और अपील
यमुना आरती महंत पंडित जुगल किशोर ने कहा कि "इस सफल अभियान और शहरवासियों के उत्साह को देखते हुए यह स्पष्ट है कि थोड़े और सामूहिक प्रयासों से यमुना को स्वच्छ बनाया जा सकता है। इसके लिए सरकार का निरंतर सहयोग आवश्यक है।"
रिवर कनेक्ट कैंपेन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि यमुना की सफाई और नालों से गंदगी को रोकने के लिए शासन स्तर पर बड़े और प्रभावी निर्णय लिए जाएं।
डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने कहा "यमुना नदी केवल आगरा की धरोहर नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। आज के इस अभियान ने न केवल यमुना के किनारों को स्वच्छ किया, बल्कि लोगों के दिलों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और उत्साह भी जगाया। हम सब मिलकर यमुना को पुनर्जनन दें और इसे फिर से जीवन का स्रोत बनाएं। कार्यकम्र की सारी व्यवस्था पंडित अभिनव श्रोत्रिय ने संभाली।



सुन्दर प्रयास
जवाब देंहटाएं