आगरा मेट्रो ट्रेन का पीएम ने किया वर्चुअली उदघाटन, सरपट दौड़ी मेट्रो

 -सीएम योगी ने किया बच्चों के साथ सफर

आगरा। बहुप्रतीक्षित मेट्रो ट्रेन सेवा का औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता से जारी झंडी दिखाकर वर्चुअली किया। इस दौरान आगरा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। ताजमहल भूमिगत स्टेशन से इसकी शुरुआत हुई। सीएम योगी ने मेट्रो ट्रेन से सात मिनट का सफर भी किया। मुख्यमंत्री ताजमहल स्टेशन से ताज ईस्ट गेट स्टेशन तक गए।

आगरा मेट्रो में आमंत्रित अतिथियों के साथ स्कूली बच्चों ने भी सफर किया। जहाँ बच्चे खासे उत्साहित नजर आये। इससे पहले पुरोहित ने पूजा अनुष्ठान करके मेट्रो पर शुभ का प्रतीक स्वास्तिक चिन्ह बनाया। साथ ही मेट्रो के इंजन का पूजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

होली से पहले आगरा को सौगात-योगी

आगरा मेट्रो के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "आगरावासियों को होली से पहले मेट्रो ट्रेन की सौगात मिली है। देश में सबसे कम समय में आगरा में मेट्रो स्टेशन तैयार हुए। आगे के प्रोजेक्ट को भी इसी तरह तेजी से कार्य करने के लिए मेट्रो अधिकारियों को निर्देशित किया है।" उन्होंने कहा कि "मेट्रो के चलने से शहर की यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। यह शहर शिवाजी महाराज के गौरव से भी जुड़ा है।" उन्होंने कहा कि "डबल इंजन सरकार के चलते ही आगरा में गंगाजल, एयरपोर्ट, आईटी सेक्टर समेत कई विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।"

आगरा मेट्रो का मॉडल भी प्रदर्शित 

ताजमहल भूमिगत स्टेशन पर आगरा मेट्रो का मॉडल रखा गया है। इसमे मेट्रो का रूट और स्टेशन प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले लोगों ने इसे देखकर रूट की जानकारी ली। उद्घाटन से पहले मेट्रो स्टेशन को दुल्हन की तरह सजाया गया। 

सात मार्च से जनता को समर्पित मेट्रो 

आपको बता दें सात मार्च सुबह छह से रात 10 बजे तक जनता के लिए मेट्रो का संचालन शुरू होगा। पहले चरण में मेट्रो छह किमी के बीच चलेगी। प्राथमिकता वाले कारिडोर में छह स्टेशनों में मेट्रो चलेगी। इसमें तीन एलीवेटेड और तीन भूमिगत स्टेशन हैं। प्रत्येक स्टेशन से सटकर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेट्रो 90 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलेगी। स्टेशन के अंदर "एआई" से निगरानी की जाएगी। अगर कोई भी शख्स 20 मिनट स्टेशन के अंदर रुका तो अलार्म बजने लगेगा। अभी ट्रेन का न्यूनतम किराया 10 रुपये है, जबकि अधिकतम 30 रुपये है।

ये हैं छह स्टेशन 

ताज पूर्वी गेट स्टेशन-यह स्टेशन फतेहाबाद रोड पर टीडीआई माल के ठीक सामने है। यह एलीवेटेड स्टेशन है।

कैप्टन शुभम गुप्ता स्टेशन-यह एलीवेटेड स्टेशन फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मरक्यूर के ठीक सामने है।

फतेहाबाद रोड स्टेशन-यह स्टेशन फतेहाबाद रोड स्थित मुगल पुलिया पर बना हुआ है। यह एलीवेटेड स्टेशन है।

ताजमहल स्टेशन-यह भूमिगत स्टेशन पुरानी मंडी तिराहा के पास है। ताजमहल पश्चिमी गेट की तरफ जाने वाली सीढ़ियों को खत्म कर दिया गया है।

आगरा फोर्ट स्टेशन-यह भूमिगत स्टेशन आगरा फोर्ट के ठीक सामने है। इस स्टेशन के पास पार्किंग है। जरूरत पड़ने पर समीप खाली स्थल भी है।

मन:कामेश्वर स्टेशन-यह भूमिगत स्टेशन बिजलीघर बस स्टैंड के गेट के ठीक सामने है। इस स्टेशन के पास छोटी पार्किंग है। इस स्टेशन से कुछ दूरी पर आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन है।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Manohar Samachar : गिरिराज धरण की शरण में ऐसा बरसा श्याम रस, सबको मिली आत्मिक तृप्ति

Agra: अग्रवाल महिला मंडल दयालबाग की कार्यकारिणी गठित

Agra : तीज महोत्सव में सजी रंगारंग मेहंदी नाइट, महिलाओं ने जमकर किया डांडिया