Agra : राधे झूलन पधारो घिर आए बदरा...
-श्रीजगन्नाथ मंदिर में भक्तिभाव से मनाया गया झूलन महोत्सव, फूल पत्तों से सजे मनमोहक और प्राकृतिक झूले में बिराजे श्रीराधा-कृष्ण
मनोहर समाचार, आगरा। हरे राम हरे कृष्णा का संकीर्तन की भक्तिमय स्वलहरियां और झूले में बिराजे ब्रज की पटरानी संग कन्हैया। मंदिर परिसर में हर तरफ फूलों की महक और हरियाली की छटा छायी थी। श्रीजगन्नाथ मंदिर में भक्तिभाव के साथ झूलन महोत्सव का आयोजन किया गया। मोगरे के पुष्पों व अशोक व आम के पत्रों से श्रीहरि व राधारानी के लिए मनमोहक झूला सजया गया। सिर पर मोरमुकुट और हाथों में बांसुरी लिए राधा रानी संग झूले में बिराजे कन्हैया को झोंटा देने के लिए भक्तों में होड़ लगी थी।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आज झूलन महोत्सव के तहत संकीर्तन, आकर्षक झांकियां और फूल बंगले का आयोजन किया गया।
मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने श्रीकृष्ण जन्म कथा का वर्णन करते हुए बताया कि झूलन यात्रा महोत्सव 28 अगस्त तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। जिसके तहत मंदिर परिसर में कथा, कीर्तन फूल बंगला सजेगा। मंदिर में आज श्रीजगन्नाथ भगवान संग बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का भी विशेष श्रंगार किया गया। फूलों सं महकते फूल बंगला और मनमोहक गुलाबी रंग की पोशाक में सजे भगवान के दर्शन कर हर भक्त बलईयां लेते नजर आए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश, देव केशव,अदिति गौरांगी आदि उपस्थित थीं।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें